🔊
छात्रहित की मांगों को लेकर 17 अगस्त से एनएसयूआई का सत्याग्रह।
प्रयोगशालाओं के आधुनिकीकरण से लेकर एमए विषयों की शुरुआत और बस सुविधा तक की मांगें, गांधीवादी तरीके से आंदोलन का ऐलान।
लोहाघाट। छात्रहित से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर एनएसयूआई ने 17 अगस्त 2026 से एसवीपीजी कॉलेज लोहाघाट में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक छात्र सत्याग्रह शुरू करने का ऐलान किया है। संगठन का आरोप है कि विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर महाविद्यालय प्रशासन को पूर्व में कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन अब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। एनएसयूआई अध्यक्ष आयुष गोस्वामी ने बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में विज्ञान संकाय की प्रयोगशालाओं में आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, एमए में इतिहास, समाजशास्त्र, शिक्षा शास्त्र और मनोविज्ञान विषय शुरू करने तथा स्थायी लाइब्रेरियन की नियुक्ति शामिल है। इसके अलावा महाविद्यालय में खेल सुविधाओं को बेहतर करने, खिलाड़ियों के TA/DA में वृद्धि तथा विद्यार्थियों की आवागमन समस्या के समाधान के लिए निःशुल्क बस पास अथवा कॉलेज बस की व्यवस्था की मांग की गई है। एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के विरोध में नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के अधिकार, बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं और महाविद्यालय के विकास के लिए है। संगठन गांधीजी के सत्य, अहिंसा और लोकतांत्रिक संघर्ष के मार्ग पर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें प्रशासन तक पहुंचाएगा। सत्याग्रह में आयुष गोस्वामी, प्रियंशु बोहरा, नीरज, मनोज जोशी, शुर्भी, शिखा, निशा चौहान, हिमांशु पंत, भुवन बोहरा, राहुल, करण धौनी और सौरभ धौनी सहित अन्य छात्र शामिल रहेंगे।
फोटो : छात्रहित की मांगों को लेकर सत्याग्रह का ऐलान करते NSUI पदाधिकारी एवं छात्र।