🔊
श्री महाकाली मंदिर परिसर में रामलीला का भव्य शुभारंभ, ताड़का वध से अहिल्या उद्धार तक के प्रसंगों का सजीव मंचन।
श्री महाकाली मंदिर परिसर में रामलीला का भव्य शुभारंभ, ताड़का वध से अहिल्या उद्धार तक के प्रसंगों का सजीव मंचन।
गंगोलीहाट। श्री महाकाली दरबार रामलीला कमेटी एवं सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में श्री महाकाली मंदिर परिसर में वार्षिक रामलीला का शुभारंभ शारदीय नवरात्रि के पंचमी पर्व पर अपार श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। कार्यक्रम का आधिकारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष विमल रावल, विशिष्ट अतिथि उपजिलाधिकारी अंकित राज तथा तहसीलदार देवांश प्रताप ने दीप प्रज्वलित कर किया।लीला के प्रथम दिवस का प्रारंभ पारंपरिक नटी-सूत्रधार संवाद और देवगणों द्वारा की गई स्तुति से हुआ। इसके उपरांत राजा दशरथ द्वारा पुत्रेष्टि यज्ञ, दशरथ-विश्वामित्र संवाद और प्रभु श्री राम व लक्ष्मण के महर्षि विश्वामित्र के साथ वन गमन के दृश्यों का जीवंत मंचन किया गया। आगे के प्रसंगों में ताड़का-राम संवाद, ताड़का वध, मारीच व सुबाहु वध तथा खर वध के दृश्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रथम दिन की कथा का समापन श्री राम, लक्ष्मण व विश्वामित्र के जनकपुरी प्रवेश तथा माता अहिल्या के उद्धार के मनमोहक प्रसंग के साथ हुआ।
विभिन्न पात्रों के अभिनय में कलाकारों ने अपनी अमिट छाप छोड़ी। श्री राम की भूमिका में खुशी उप्रेती, लक्ष्मण के रूप में एंजेल सुगडा, सीता के रूप में रजनी सेलाकोटी, भरत की भूमिका में लक्षिता बिष्ट तथा शत्रुघ्न के रूप में अंजली पांडे ने अपने जीवंत अभिनय से दर्शकों की तालियां बटोरीं। नटी की भूमिका कमलेश उप्रेती, सूत्रधार किशन उप्रेती, दशरथ कैलाश सिंह, विश्वामित्र व श्रृंगी ऋषि कैलाश पंत, अहिल्या व कौशल्या आयुषी रावल, ताड़का सूरज पांडे तथा मारीच की भूमिका पंकज पाठक ने निभाई। मंच संचालन दीपक उप्रेती व किशन पाठक ने किया।इस अवसर पर कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष विजय शाह, सचिव गजेंद्र रावल, कोषाध्यक्ष नरेंद्र रावल, मंदिर कमेटी अध्यक्ष हरगोविंद रावल, संरक्षक सूबेदार मोहन सिंह रावल, मुख्य निर्देशक सूबेदार शंकर सिंह रावल, सह-निर्देशक किशन उप्रेती व कैलाश सिंह मौजूद रहे। संगीत व साज-सज्जा में हारमोनियम वादक विशाल सोरियाल, तबला वादक प्रियांशु कुमार और मेकअप मैन षष्ठी रावल, संजय रावल व त्रिभुवन बिष्ट ने योगदान दिया। कार्यक्रम में कमल रावल, नवीन उप्रेती, ललित उप्रेती सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।