🔊
चम्पावत बाजार में नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता और वित्तीय साक्षरता का संदेश
नाबार्ड और उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक की पहल, साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए लोगों को किया जागरूक
चम्पावत। नाबार्ड के सहयोग से उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक, चम्पावत के तत्वावधान में हिट पहाड़ जन-जागरूकता समिति, पिथौरागढ़ की ओर से 29 अक्टूबर 2026 को चम्पावत बाजार में “स्वच्छता ही सेवा एवं वित्तीय साक्षरता” विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को स्वच्छता, बैंकिंग सेवाओं, सरकारी वित्तीय योजनाओं और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने प्रभावशाली संवादों और रोचक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता पर विशेष जोर देते हुए प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना, अटल पेंशन योजना और नेशनल पेंशन सिस्टम की जानकारी सरल भाषा में दी गई। साथ ही लोगों को डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्क रहने और साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए गए।
कलाकारों ने लोगों से अपील की कि वे अपना ओटीपी, एटीएम पिन और बैंकिंग पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। संदिग्ध फोन कॉल और अनजान लिंक से सावधान रहें तथा किसी भी प्रकार की वित्तीय जानकारी साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
नुक्कड़ नाटक में अंकित पाण्डेय, साक्षी तिवारी, उदय राज, अंजली बिष्ट, रोहित और मुकेश ने प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक, चम्पावत शाखा के शाखा प्रबंधक पवन कनवाल सहित बैंक अधिकारी नवीन चन्द्र जोशी, शैलजा पंत, रवीश चंद्र भट्ट, विरेन्द्र कुमार और धर्मानन्द भट्ट उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वच्छता अपनाने, सरकारी वित्तीय योजनाओं का लाभ उठाने और डिजिटल बैंकिंग का सुरक्षित उपयोग करने का संदेश दिया गया।