🔊
PCS प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम के निर्देश
29 नवंबर को चम्पावत के तीन केंद्रों में होगी परीक्षा, सुबह 7 बजे से तैनात रहेगा पुलिस बल
चम्पावत, 24 नवंबर। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मंगलवार को PCS प्रारंभिक परीक्षा-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
परीक्षा 29 नवंबर को चम्पावत के तीन केंद्रों पर होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2 से 4 बजे तक आयोजित होगी।
जिलाधिकारी ने तीनों केंद्रों पर सुबह 7 बजे से पर्याप्त महिला एवं पुरुष पुलिस बल तैनात करने तथा मेटल डिटेक्टर से जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने को कहा।
परीक्षा के लिए अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी को नोडल अधिकारी और एसडीएम विपिन चन्द्र पंत को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। केंद्रों पर पेयजल, बिजली और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।