🔊
चम्पावत में पुलिस और STF की बड़ी कार्रवाई, 25 लाख की चरस के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
लोहाघाट के पुल्ला पंचेश्वर क्षेत्र में 4 किलो 100 ग्राम चरस बरामद, उत्तर प्रदेश के बरेली में बेचने की थी तैयारी
चम्पावत, 25 नवंबर। जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत चम्पावत पुलिस और एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 4 किलो 100 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर 25 नवंबर को सूचना के आधार पर थाना लोहाघाट पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने पुल्ला पंचेश्वर क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान खतेड़ा मल्ला निवासी सुरेश सिंह तिसल्ला को गिरफ्तार किया गया।
बरेली में बेचने की थी तैयारी
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चरस को लोहाघाट क्षेत्र से एकत्रित कर उत्तर प्रदेश के नवाबगंज (बरेली) निवासी भरतवीर गंगवार उर्फ पंडित जी को बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस अब चरस के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
संयुक्त टीम में ये रहे शामिल
लोहाघाट पुलिस टीम में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक कुंदन बोरा, आरक्षी पवन भट्ट, कुलदीप और संजय साहनी शामिल रहे। वहीं एसटीएफ कुमाऊं यूनिट से उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार शामिल रहे।
चम्पावत पुलिस ने आमजन से नशे की खरीद-फरोख्त और तस्करी की सूचना देने की अपील की है। सूचना मानस हेल्पलाइन 1933, आपातकालीन नंबर 112 या नजदीकी पुलिस थाने में दी जा सकती है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
#ChampawatPolice #OperationPrahar #DrugFreeDevbhoomi #Lohaghat #ChampawatNews