🔊
हिंग्लादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 48.41 लाख रुपये मंजूर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत मिली वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति, मंदिर परिसर का होगा विकास
चम्पावत, 25 नवंबर। चम्पावत विधानसभा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध हिंग्लादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए उत्तराखंड शासन ने 48.41 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। यह कार्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत पंचायतीराज विभाग के माध्यम से कराया जाएगा।
स्वीकृत धनराशि चालू वित्तीय वर्ष में जिलाधिकारी मनीष कुमार के निवर्तन पर रखी गई है। जिला स्तरीय तकनीकी सलाहकार समिति (टीएसी) ने प्रस्तावित लागत को औचित्यपूर्ण पाया था।
मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और परिसर को अधिक सुव्यवस्थित बनाया जाएगा। यह कार्य आदर्श चम्पावत की परिकल्पना के अनुरूप जिले की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संवारने की दिशा में किया जा रहा है।
शासनादेश के अनुसार निर्माण कार्य शुरू करने से पहले विस्तृत आगणन एवं मानचित्र को सक्षम अधिकारी से तकनीकी स्वीकृति दिलाई जाएगी। कार्यदायी संस्था के साथ निर्धारित प्रारूप में समझौता किया जाएगा तथा निर्माण कार्य की नियमित निगरानी और समीक्षा की जाएगी।
स्वीकृत धनराशि का भुगतान कार्य की वास्तविक आवश्यकता के अनुसार किस्तों में किया जाएगा और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।