🔊
चम्पावत में बड़ा सड़क हादसा: स्वाला -धौन के पास 25 मीटर गहरी खाई में गिरी XUV 300, पांच लोग थे सवार
चार लोगों को सुरक्षित निकालकर सड़क तक पहुंचाया, वाहन से छिटककर खाई में गिरे पांचवें युवक का रेस्क्यू जारी
चम्पावत, 29 नवंबर 2026।
चम्पावत में रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। स्वाला–धौन के पास करीब सुबह 3 बजे उत्तर प्रदेश नंबर की एक XUV 300 कार अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 25 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में पांच लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हो गए।
जिला आपदा प्रबंधन कक्ष (डीसीआर) से सूचना मिलने के बाद पुलिस और 108 एंबुलेंस को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान वाहन में सवार चार लोगों को सुरक्षित खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। इनमें आशीष श्रीवास्तव (37 वर्ष), अंशुमान कुशवाहा (25 वर्ष), अमित शुक्ला (32 वर्ष) और विकास गिरी (30 वर्ष) शामिल हैं। चारों को मामूली चोटें आई हैं।
वहीं, दुर्घटना के दौरान वाहन से छिटककर खाई में गिरे अजीत कुशवाहा (27 वर्ष) को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन, कोतवाली चम्पावत पुलिस, फायर स्टेशन चम्पावत और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गईं। 108 एंबुलेंस की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है।
वाहन का नंबर UP 32 MC 7924 बताया गया है। फिलहाल पांचवें व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।
नोट: यह खबर प्रशासन की ओर से जारी प्रारंभिक सूचना पर आधारित है। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।