🔊
महंगे मोबाइल से ज्यादा जरूरी बच्चों का भविष्य, नशे से बचाने को अभिभावक भी बनें पुलिस की आंख-कान।
यदि मौत का कारोबार हम नहीं रोक पाए तो वर्दी के प्रति हम करेंगे गुनाह। आदर्श थाना पुलिस लोहाघाट
लोहाघाट। युवाओं में बढ़ते नशे के प्रभाव को लेकर आदर्श थाना,लोहाघाट पुलिस ने अभिभावकों से भी नशे के खिलाफ मुहिम में आगे आने की अपील की है। आदर्श थाने में आए थानाध्यक्ष ओम प्रकाश एवं एसआई सोनिका जोशी ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का जीवन बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार की खुशियां, शांति और समृद्धि छीन लेता है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि नशे के कारोबारियों और इसके थोक व्यापारियों के खिलाफ पुलिस पूरी गंभीरता से अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि समाज को बर्बाद करने वाले नशे के कारोबारियों की गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में आम लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उनके साथ संवाद बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों के शौक और जरूरत को पूरा करने के लिए बीस हजार रुपये का मोबाइल खरीदकर उनके हाथ में सौंप देते हैं, लेकिन उनके सुरक्षित भविष्य के लिए नशे से दूर रखने पर उतना ध्यान नहीं देते।
पुलिस का कहना है कि मोबाइल बच्चों की जरूरत हो सकता है, लेकिन उनके जीवन और भविष्य से अधिक महत्वपूर्ण कुछ नहीं है। यदि युवा नशे की गिरफ्त में आ गया तो महंगी सुविधाएं भी उसके जीवन को बर्बादी से नहीं बचा सकतीं। इसलिए अभिभावकों को बच्चों को नशे के खतरों के प्रति जागरूक करना होगा।
एसओ ने लोगों से अपील की कि वे बगैर वर्दी की पुलिस बनकर नशे से जुड़ी गतिविधियों की गुप्त जानकारी पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। यदि हमारे होते हुए क्षेत्र से नशे की मादक दुर्गंध आई हो तो इसका मतलब है हम अपनी वर्दी के प्रति अन्याय कर रहे हैं,
फोटो—थानाध्यक्ष ओम प्रकाश एवं एसआई सोनिका जोशी।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: