🔊
मां भगवती मंदिर घजेरी तक पहुंचना हुआ आसान, 2.6 किमी सड़क का विधायक फकीर राम टम्टा ने किया उद्घाटन
मां भगवती मंदिर घजेरी तक पहुंचना हुआ आसान, 2.6 किमी सड़क का विधायक फकीर राम टम्टा ने किया उद्घाटन
गंगोलीहाट। क्षेत्र में विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तहत ग्राम सभा ब्यालकटिया के गराली तोक से प्रसिद्ध मां भगवती मंदिर घजेरी तक जाने वाली 2.6 किलोमीटर लंबी सड़क का विधिवत उद्घाटन किया गया। क्षेत्रीय विधायक फकीर राम टम्टा ने पूजा-अर्चना और फीता काटकर सड़क का लोकार्पण किया।
सड़क बनने से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को राहत
पोखरी चंडीकाघाट रोड से मां भगवती मंदिर घजेरी तक सड़क सुविधा मिलने से अब श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों को मंदिर पहुंचने में काफी सुविधा होगी। लंबे समय से सड़क की मांग कर रहे ग्रामीणों ने सड़क निर्माण और लोकार्पण पर खुशी जताई।
विधायक फकीर राम टम्टा ने कहा कि क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना और ग्रामीणों की आवागमन संबंधी समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़क सुविधा से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
लोकार्पण कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष संजेश मेहता, जिला मंत्री रमेश बोरा, ग्राम प्रधान ब्यालकटिया नीरज गुरचन, प्रधान बिर्गोली बीरेंद्र मेहरा, प्रधान पोखरी जगदीश कुमार और क्षेत्र पंचायत सदस्य राम सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।