🔊
चंपावत की अंडर-19 बेसबॉल टीम ने राज्य स्तर पर हासिल किया तीसरा स्थान
चंपावत। खेल महाकुंभ 2026 की राज्य स्तरीय बेसबॉल प्रतियोगिता में चंपावत की अंडर-19 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। तीसरे स्थान के लिए खेले गए रोमांचक मुकाबले में चंपावत ने उधम सिंह नगर को 8-7 से हराकर कांस्य स्थान अपने नाम किया।
एक अंक से दर्ज की रोमांचक जीत
चंपावत और उधम सिंह नगर के बीच हुए मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबला आखिरी समय तक कांटे का रहा। चंपावत के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, रणनीति और आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए एक अंक के अंतर से 8-7 की जीत दर्ज की।
कोच बसंत जोशी के मार्गदर्शन में टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, मेहनत और खेल भावना का परिचय दिया। टीम के प्रबंधक वीरेंद्र सिंह सामंत रहे।
इन खिलाड़ियों ने किया चंपावत का प्रतिनिधित्व
चंपावत की अंडर-19 टीम में कप्तान अंकित जोशी के साथ बृजेश सिंह रांसवाल, दीपांशु रांसवाल, प्रदीप जोशी, सुनील जोशी, नीरज भट्ट, भुवन जोशी, प्रदीप सामंत, रोहित सामंत, पीयूष भट्ट और मयंक सिंह दांगी शामिल रहे। सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शुभम कुमार और राहुल वर्मा रहे अंपायर
तीसरे स्थान के मुकाबले में प्रथम अंपायर शुभम कुमार और द्वितीय अंपायर राहुल वर्मा रहे। उन्होंने मुकाबले को निर्धारित नियमों के अनुसार निष्पक्ष रूप से संपन्न कराया।
विनोद सुयाल ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
मुकाबले में मुख्य अतिथि राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त विनोद सुयाल मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में युवाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना की।
चंपावत की इस उपलब्धि पर जिलेवासियों और खेल प्रेमियों ने टीम के सभी खिलाड़ियों, कोच और प्रबंधक को बधाई दी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल करना जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: