🔊
सड़क पर मिला पर्स पुलिस को सौंपकर अजय और हरगोविंद ने दिखाई ईमानदारी
चम्पावत। तिलौन हाईवे पर 7 अक्टूबर को अजय मेहता और हरगोविंद मेहता को एक पर्स मिला। पर्स में 8,700 रुपये नकद, एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस था। दोनों ने ईमानदारी का परिचय देते हुए पर्स को पुलिस अधीक्षक कार्यालय चम्पावत पहुंचाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस कार्यालय में तैनात कांस्टेबल अतुल कुमार ने पर्स में उपलब्ध जानकारी के आधार पर उसके वास्तविक स्वामी रोहित कुमार से संपर्क किया। आवश्यक सत्यापन के बाद पर्स रोहित कुमार को सुरक्षित सौंप दिया गया।
खोया हुआ पर्स और उसमें रखी नकदी व दस्तावेज वापस मिलने पर रोहित कुमार ने अजय मेहता और हरगोविंद मेहता की ईमानदारी की सराहना करते हुए चम्पावत पुलिस का भी आभार जताया।
चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि रास्ते में कोई पर्स, मोबाइल, दस्तावेज या अन्य सामान मिले तो उसे नजदीकी पुलिस थाना या चौकी में जमा कराएं, ताकि वह उसके वास्तविक स्वामी तक सुरक्षित पहुंच सके।