🔊
डायल 112 पर भाई की हत्या की झूठी सूचना देने वाला आरोपी गिरफ्तार, जांच में खुली पोल
डायल 112 पर भाई की हत्या की झूठी सूचना देने वाला आरोपी गिरफ्तार, जांच में खुली पोल
लोहाघाट के सुई खेशकाण्डे का मामला, पुलिस सहित कई विभागों की टीमें पहुंचीं मौके पर; वीडियो कॉल से हुआ सच्चाई का खुलासा
चम्पावत। डायल 112 पर अपने भाई की गला काटकर हत्या किए जाने की झूठी सूचना देने के मामले में लोहाघाट पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति ने खुद घटना देखने और आरोपी को पहचानने का दावा किया था।
पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर की रात करीब 9:19 बजे नवल किशोर पुजारी निवासी ग्राम सुई खेशकाण्डे ने डायल 112 पर सूचना दी कि उसके भाई की किसी व्यक्ति ने गला काटकर हत्या कर दी है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना लोहाघाट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। इसके अलावा वन विभाग, 108 एंबुलेंस, फील्ड यूनिट और साइबर सेल की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।
मौके पर जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस व्यक्ति की हत्या की सूचना दी गई थी, वह लोहाघाट से दिल्ली जा रहा था। संबंधित व्यक्ति से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क कर सत्यापन किया गया तो हत्या की सूचना पूरी तरह झूठी निकली।
पुलिस ने झूठी सूचना देकर आपातकालीन सेवाओं के संसाधनों को अनावश्यक रूप से व्यस्त करने और भय का माहौल पैदा करने के आरोप में नवल किशोर पुजारी को धारा 172 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया है।
चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि डायल 112 का उपयोग केवल वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में करें। झूठी या भ्रामक सूचना देने से किसी वास्तविक जरूरतमंद तक मदद पहुंचने में देरी हो सकती है।