🔊
ठांटा के दूधाधारी भगवती मेला स्थल को मिलेगी नई पहचान, सौंदर्यीकरण के लिए 97.10 लाख रुपये स्वीकृत
मेले में बनेगी दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत मिली वित्तीय स्वीकृति
चम्पावत। लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ठांटा स्थित ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल का जल्द सौंदर्यीकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत शासन ने इसके लिए 97.10 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
मेला परिसर में दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र का निर्माण भी किया जाएगा। दर्शक दीर्घा बनने से मेले के दौरान स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को बैठकर सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम देखने की सुविधा मिलेगी। वहीं, ध्यान केंद्र में श्रद्धालु ध्यान कर सकेंगे।
शासन ने चालू वित्तीय वर्ष में पहली किस्त के रूप में 58.26 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। यह कुल स्वीकृत धनराशि का 60 प्रतिशत है।
पंचायतीराज विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 587/2026 के तहत ये कार्य कराए जाएंगे। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित विभाग द्वारा कार्यदायी संस्था से अनुबंध किया जाएगा और विस्तृत आगणन एवं मानचित्र को तकनीकी स्वीकृति दी जाएगी।
इस योजना से ठांटा के ऐतिहासिक मेला स्थल पर सुविधाओं का विस्तार होगा और श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं मिल सकेंगी।