🔊
लोहाघाट में दो दुकानों में हुई चोरी का खुलासा, 23 वर्षीय युवक गिरफ्तार; ₹12 हजार नकद और बर्तन बरामद
नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करने की बात आई सामने, मायावती आश्रम तिराहे के पास पुलिस ने पकड़ा आरोपी
लोहाघाट। थाना लोहाघाट पुलिस ने दो दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 हजार रुपये नकद और चोरी के बर्तन सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को निर्मल सिंह ने अपनी दुकान में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए संदिग्धों की तलाश और चेकिंग अभियान चलाया।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मायावती आश्रम जाने वाले तिराहे के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। उसके पास से चोरी से संबंधित नकदी और सामान बरामद हुआ। पूछताछ में दो दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित कुमार (23 वर्ष), निवासी गैस गोदाम के निकट, लोहाघाट के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए छोटी-मोटी चोरियां करने और सामान बेचकर रुपये जुटाने की बात बताई।
पुलिस ने आरोपी के पास से 12 हजार रुपये नकद, एल्यूमीनियम फ्राईपैन, डेक, नॉनस्टिक कढ़ाई, स्टील की थाली, ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश सहित लोहाघाट पुलिस टीम शामिल रही। चम्पावत पुलिस ने दुकानदारों से प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दी जा सकती है।
Qaa