🔊
वसुधूरा से सेला तक बनेगा संपर्क मार्ग, शासन ने 25 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति दी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा पर मिली मंजूरी, ग्रामीणों को बाजार, स्वास्थ्य केंद्र और स्कूल पहुंचने में होगी सुविधा
चम्पावत। चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वसुधूरा से सेला तक संपर्क मार्ग निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में उत्तराखंड शासन ने इस कार्य के लिए 25 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
पंचायतीराज विभाग से संबंधित इस मुख्यमंत्री घोषणा के क्रियान्वयन के लिए चालू वित्तीय वर्ष में धनराशि स्वीकृत की गई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि संपर्क मार्ग बनने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों को बाजार और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में आसानी होगी, वहीं विद्यार्थियों को भी स्कूल आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, जनपद स्तरीय तकनीकी समिति (टीएसी) ने निर्माण कार्य के लिए 81.96 लाख रुपये की संस्तुति की थी। इसके सापेक्ष शासन ने 25 लाख रुपये की धनराशि जिलाधिकारी के निवर्तन पर रखी है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले कार्यदायी संस्था के साथ निर्धारित प्रारूप में अनुबंध किया जाए। साथ ही कार्य की नियमित समीक्षा कर इसे तय समय में पूरा कराने के प्रयास किए जाएंगे।