🔊
चम्पावत में D.El.Ed प्रवेश परीक्षा को लेकर धारा-163 लागू, तीनों परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा
18 नवंबर को सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक होगी परीक्षा, शांति और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने जारी किए आदेश
चम्पावत। द्विवर्षीय डीएलएड प्रवेश परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। आगामी 18 नवंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनजर चम्पावत शहर के तीनों परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।
उप जिलाधिकारी एवं परगना मजिस्ट्रेट विपिन चन्द्र पन्त ने बताया कि परीक्षा 18 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अवांछनीय गतिविधि को रोकने के लिए यह आदेश जारी किया गया है।
चम्पावत में परीक्षा के लिए निर्धारित तीन केंद्रों में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चम्पावत (नोडल केंद्र), राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चम्पावत और मल्लिकार्जुन स्कूल चम्पावत शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।