🔊
सतीश चंद्र पांडे पर भाजपा हाईकमान का फिर भरोसा, लगातार तीसरी बार प्रदेश कार्यकारिणी में मिली जगह।
संगठन को मजबूत करने में जुटे साइलेंट वर्कर पांडे को जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी।
लोहाघाट। भारतीय जनता पार्टी ने चम्पावत के सक्रिय कार्यकर्ता सतीश चंद्र पांडे पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें लगातार तीसरी बार भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी का सदस्य मनोनीत किया है। पार्टी में लगातार मिल रही जिम्मेदारी को उनके लंबे समय से किए जा रहे संगठनात्मक कार्यों का सम्मान माना जा रहा है। सतीश चंद्र पांडे भाजपा के उन कार्यकर्ताओं में शामिल हैं, जो बिना किसी दिखावे के संगठन को मजबूत करने में जुटे रहते हैं। वे विशेष रूप से गरीब और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ उन्हें पार्टी की विचारधारा एवं संगठन से जोड़ने का काम करते रहे हैं।
मधुर व्यवहार और सहज व्यक्तित्व के लिए पहचाने जाने वाले पांडे राजनीतिक दांव-पेच से दूर रहकर जनसेवा को प्राथमिकता देते हैं। धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। क्षेत्र के कई शिवालयों और देवालयों के जीर्णोद्धार एवं नवनिर्माण में भी उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर सहयोग किया है। हाल ही में बिलदे गांव में देवलिया पांडे बंधुओं की सात पीढ़ियों से जुड़े देश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे लोगों को एक मंच पर लाने और उन्हें अपनी जड़ों से जुड़ने के साथ रिवर्स पलायन के लिए प्रेरित करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सतीश चंद्र पांडे को लगातार तीसरी बार प्रदेश कार्यकारिणी में जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा जिला संगठन ने खुशी जताई। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, सक्रियता और निरंतर सेवा को देखते हुए यह सम्मान उनके लिए पूरी तरह उपयुक्त है।
फोटो :भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी में लगातार तीसरी बार सदस्य बनाए गए सतीश चंद्र पांडे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: