🔊
चम्पावत के स्कूली बच्चों को मिलेगा नवाचार का राष्ट्रीय मंच, 15 सितंबर तक करा सकेंगे नामांकन।
चम्पावत। जिले के कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को अपने मौलिक वैज्ञानिक विचारों और नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर मिलने जा रहा है। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) एवं राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान-भारत (NIF) की INSPIRE-MANAK योजना 2026-27 के तहत विद्यार्थियों के विचारों का ऑनलाइन नामांकन शुरू हो चुका है। विद्यालय 15 सितंबर 2026 तक विद्यार्थियों के अधिकतम पांच मौलिक विचारों का नामांकन करा सकेंगे।
योजना के तहत सरकारी और निजी विद्यालयों के कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। प्रत्येक पात्र विद्यालय अधिकतम पांच मौलिक विचारों या नवाचारों का नामांकन कर सकता है। इनमें अधिकतम दो विचार कक्षा 11 एवं 12 के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों के हो सकते हैं। विद्यार्थियों के व्यक्तिगत और मौलिक वैज्ञानिक विचारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
चम्पावत जिले में पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान INSPIRE-MANAK योजना में 199 विद्यालयों के 957 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया था। इनमें से 54 विद्यार्थियों का चयन हुआ था। चयनित विद्यार्थियों को अपने विचारों के प्रोटोटाइप विकसित करने तथा जिला एवं राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने के लिए 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई थी। इस वर्ष जिले में इससे अधिक विद्यालयों और विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में कम उम्र से ही वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करना है। विद्यार्थियों को कृषि, पर्यावरण, परिवहन, घरेलू कार्य, श्रम और समाज से जुड़ी दैनिक समस्याओं के ऐसे मौलिक एवं तकनीकी समाधान तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिनसे आम लोगों को वास्तविक लाभ मिल सके। विचारों का मूल्यांकन उनकी मौलिकता, सामाजिक उपयोगिता, पर्यावरणीय प्रभाव, व्यावहारिकता और संभावित प्रभाव के आधार पर किया जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों से योजना में अधिकाधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चम्पावत के विद्यार्थियों में प्रतिभा और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के विचारों को मंच देने के साथ उन्हें भविष्य के वैज्ञानिक और नवप्रवर्तक के रूप में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने संबंधित शिक्षा अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र विद्यालयों की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
विद्यालय विद्यार्थियों के विचारों का नामांकन INSPIRE-MANAK E-MIAS पोर्टल अथवा मोबाइल ऐप के माध्यम से कर सकते हैं।