🔊
जमीनी नवाचारकर्ताओं की प्रतिभा को मिलेगा राष्ट्रीय मंच, HBNCRIIA-India 2025-26 के लिए 31 अक्टूबर तक होंगे आवेदन।
जनपद चम्पावत में जमीनी स्तर पर नवाचार करने वाले किसानों, विद्यार्थियों, कारीगरों, उद्यमियों, पारंपरिक ज्ञान धारकों एवं स्थानीय समस्या का रचनात्मक समाधान विकसित करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर है। Honey Bee Network Creativity and Inclusive Innovation Awards-India 2025-26 (HBNCRIIA-India 2025-26) के अंतर्गत ऐसे नवाचारों को आमंत्रित किया गया है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जनपद के सभी संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आमजन से अपील की है कि वे अपने आसपास के ऐसे नवाचारकर्ताओं की पहचान कर उन्हें इस पहल में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर विकसित उपयोगी नवाचारों और पारंपरिक ज्ञान को उचित मंच एवं सहयोग मिलने से न केवल नवाचारकर्ताओं का उत्साह बढ़ेगा, बल्कि उनके प्रयासों को व्यापक स्तर पर उपयोग में लाने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
HBNCRIIA-India 2025-26 का आयोजन Honey Bee Network (HBN) एवं GIAN द्वारा Gujarat Energy Transmission Corporation (GETCO) के सहयोग से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जमीनी समुदायों के लिए और उनके द्वारा विकसित रचनात्मक एवं समावेशी नवाचारों की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहन और सहयोग प्रदान करना है।
इस पहल के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार 5 लाख रूपये , द्वितीय 3 लाख रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 2 लाख रूपये निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त 50 हजार रूपये के 12 प्रशंसा पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। चयनित नवाचारकर्ताओं को विशेषज्ञों से इन्क्यूबेशन सपोर्ट के साथ-साथ वित्तीय सहयोग, बौद्धिक संपदा संरक्षण, उत्पाद विकास, तकनीकी सत्यापन, वैल्यू एडिशन, व्यवसाय विकास एवं नवाचारों के प्रसार में सहयोग प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
जनपद के किसान, विद्यार्थी, कारीगर, उद्यमी, समुदाय, पारंपरिक ज्ञान धारक तथा अन्य जमीनी समस्या-समाधानकर्ता अपने उपयोगी एवं प्रभावी नवाचारों को इस पुरस्कार के लिए नामांकित कर सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 रात्रि 11:55 बजे तक निर्धारित है। पात्रता एवं आवेदन संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए GIAN की वेबसाइट gian.org/awards/#hbncriia-india-2025-26 पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। अधिक जानकारी के लिए hbncriia-india@gian.org पर ई-मेल किया जा सकता है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि जनपद चम्पावत में प्रतिभा और नवाचार की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि ऐसे स्थानीय प्रयासों की पहचान कर उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को भी निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संभावित नवाचारकर्ताओं की पहचान कर उन्हें इस अवसर का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करें।