🔊
किसान दिवस में छाए किसानों के मुद्दे, समस्याओं के त्वरित समाधान का अधिकारियों ने दिया भरोसा।
चम्पावत। विकासखंड पाटी के सभागार में गुरुवार को विकासखंड स्तरीय किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं, सुझावों और कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों के साथ विस्तार से संवाद हुआ। कार्यक्रम में 100 से अधिक प्रगतिशील किसानों ने प्रतिभाग किया।
राज्य सरकार के निर्देशों के तहत प्रत्येक माह के दूसरे बृहस्पतिवार को किसान दिवस आयोजित किया जा रहा है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
किसान दिवस में कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, रेशम, बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने किसानों को विभागीय योजनाओं, अनुदान और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। अधिकारियों ने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर कृषि और इससे जुड़ी गतिविधियों को अधिक लाभकारी बनाने का आह्वान किया। इस दौरान किसानों ने अधिकारियों और विधायक के समक्ष कृषि क्षेत्र से जुड़ी अपनी समस्याएं, सुझाव और अनुभव रखे। संबंधित अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार उनके त्वरित निस्तारण का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों की समस्याओं का समाधान करने के साथ उन्हें सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने किसानों से आपसी समन्वय के साथ नई तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन के बाद किसानों और अन्य प्रतिभागियों को तिरंगा झंडा वितरित किया गया। आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों की छतों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने का आह्वान किया गया।
इसके बाद नोडल अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों और किसानों ने संयुक्त रूप से तिरंगा रैली निकाली। रैली के दौरान विकासखंड परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मोनिका पाल, विकासखंड प्रभारी कृषि राणा सिंह राणा, सहायक कृषि अधिकारी नरेंद्र सिंह, गोविंद सिंह, प्रताप ढाली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
फोटो : पाटी में आयोजित किसान दिवस कार्यक्रम के बाद तिरंगा रैली निकालते किसान एवं अधिकारी।