🔊
कांग्रेस ने सीएम और नैनीताल एसएसपी का पुतला फूंक जताया आक्रोश।
कांग्रेस ने सीएम और नैनीताल एसएसपी का पुतला फूंक जताया आक्रोश।
हल्द्वानी रैली में कार्यकर्ताओं से कथित अभद्र व्यवहार और रैली में बाधा डालने का आरोप, आर-पार की लड़ाई की चेतावनी।
चम्पावत। हल्द्वानी में कांग्रेस के
राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कथित रूप से परेशान करने, रैली में बाधा डालने और कार्यकर्ताओं के साथ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चम्पावत में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के निर्देश पर ब्लॉक अध्यक्ष उमेश शर्मा एवं महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिमला मेहरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री और नैनीताल एसएसपी का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में पार्टी की रैली के दौरान पुलिस का रवैया कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रति आपत्तिजनक रहा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित राजनीतिक कार्यक्रम में इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर सत्ताधारी दल के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस को निष्पक्ष भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ इस प्रकार का व्यवहार दोहराया गया तो पार्टी कार्यकर्ता आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए मजबूर होंगे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जताया।
फोटो : चम्पावत के भीड़भाड़ वाले बाजार में मुख्यमंत्री और नैनीताल एसएसपी के खिलाफ नारेबाजी करते कांग्रेस कार्यकर्ता।