🔊
चम्पावत पुलिस ने श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गांधी-शास्त्री जयंती
चम्पावत। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर चम्पावत पुलिस ने विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
पुलिस लाइन चम्पावत में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी, त्याग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने पुलिस कर्मियों से इन आदर्शों को अपने आचरण में आत्मसात कर पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
एसपी ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और जनसेवा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।
इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक चम्पावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण ने पुलिस कार्यालय चम्पावत तथा पुलिस उपाधीक्षक टनकपुर निहारिका सेमवाल ने थाना टनकपुर में महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
जनपद के सभी थानों, पुलिस कार्यालयों, फायर स्टेशनों और अन्य पुलिस इकाइयों में भी गांधी जी एवं शास्त्री जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने सत्य, अहिंसा, प्रेम, सौहार्द, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान एसपी रेखा यादव ने पुलिस विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सम्मानित किया और उनके कार्य, योगदान एवं सेवाभाव की सराहना की।
चम्पावत पुलिस ने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए जनसेवा, नागरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था तथा समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस सदैव प्रतिबद्ध है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: