🔊
बेटियों के स्वास्थ्य के लिए सेवा संकल्प फाउंडेशन की पहल, छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरण एवं मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता
चम्पावत, 1 अक्टूबर 2026।
सेवा संकल्प फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी श्रीमती गीता धामी जी की पहल एवं मार्गदर्शन में उत्तराखंड में ‘महिला स्वास्थ्य जनजागरूकता एवं निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरण अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से किशोरियों एवं छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ उनके स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मविश्वास को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
1 अक्टूबर को चार विद्यालयों में कार्यक्रम
अभियान के क्रम में 1 अक्टूबर 2026 को जनपद चम्पावत के चार विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, लोहाघाट; पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, चम्पावत; राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, खेतीखान तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, काकड़ बाराकोट में छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरित किए गए।
कार्यक्रमों के दौरान छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में जानकारी दी गई। छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर बिना किसी संकोच के अपनी मां, बड़ी बहन, शिक्षिका अथवा चिकित्सक से संवाद करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
30 सितंबर को टनकपुर-बनबसा में कार्यक्रम
अभियान के अंतर्गत 30 सितंबर 2026 को अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, टनकपुर एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बनबसा में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में भी छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरित किए गए तथा मासिक धर्म स्वच्छता एवं महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
श्रीमती गीता धामी का संदेश
इस अवसर पर सेवा संकल्प फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी श्रीमती गीता धामी जी द्वारा प्रेषित संदेश छात्राओं को पढ़कर सुनाया गया। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म एक सामान्य एवं स्वाभाविक प्रक्रिया है, इसलिए इसे लेकर किसी भी प्रकार की शर्म या संकोच की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने छात्राओं से अपने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को प्राथमिकता देने तथा किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या अथवा जिज्ञासा होने पर परिवार, शिक्षिका अथवा चिकित्सक से खुलकर संवाद करने का आह्वान किया।
श्रीमती गीता धामी जी ने कहा कि यह अभियान केवल सैनिटरी नैपकिन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बेटियों के स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मविश्वास से जुड़ा एक सेवा संकल्प है। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, बड़े सपने देखने और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
50 से अधिक विद्यालयों तक पहुंच रहा अभियान
सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों के 50 से अधिक विद्यालयों में छात्राओं तक निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन पहुंचाने के साथ-साथ मासिक धर्म स्वच्छता एवं महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।
फाउंडेशन का प्रयास है कि अभियान को प्रदेश के अधिक से अधिक विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जाए, ताकि अधिक से अधिक बेटियां इससे लाभान्वित हो सकें।
जनप्रतिनिधियों की सहभागिता
अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में श्रीमती प्रेमा पांडे, नगर पालिका अध्यक्ष चम्पावत; श्रीमती अंचला बोहरा, ब्लॉक प्रमुख; श्रीमती रेखा देवी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख चम्पावत; श्रीमती गंगा खाती; श्रीमती सीमा आर्या, ब्लॉक प्रमुख बाराकोट सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इसके अलावा संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं अन्य उपस्थितजनों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
सेवा संकल्प फाउंडेशन का संदेश—
“स्वस्थ बेटी, सशक्त बेटी—यही हमारा सेवा संकल्प है।”
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: