🔊
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर आगामी 02 अक्टूबर, 2026 को जनपद चंपावत में विभिन्न भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
जयंती समारोह के अंतर्गत 02 अक्टूबर को प्रातःकाल जनपद के समस्त शासकीय एवं अर्धशासकीय भवनों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
सभी राजकीय भवनों तथा शैक्षणिक संस्थानों में प्रातः 08:00 बजे ध्वजारोहण के उपरांत विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों द्वारा महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजित गोष्ठियों व कार्यक्रमों में दोनों महान विभूतियों के जीवन-संघर्ष, निष्काम देशसेवा तथा उनके उच्च आदर्शों पर प्रकाश डाला जाएगा।
विशेष रूप से समाज के निर्बल एवं वंचित वर्गों के कल्याण से जुड़ी "अंत्योदय" की अवधारणा, भावनात्मक एकता, राष्ट्रीय अखंडता, बापू के नेतृत्व में संचालित स्वाधीनता संग्राम, नमक सत्याग्रह, सादा जीवन उच्च विचार, नैतिकता, सर्वधर्म समभाव तथा पारस्परिक भाईचारे जैसे महान जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रमों की इसी श्रृंखला में प्रातः 09:00 बजे चंपावत के मुख्य बाजार स्थित गांधी चौक में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।
इसके साथ ही संपूर्ण जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान संचालित करते हुए सभी महान विभूतियों की प्रतिमाओं की सफाई व माल्यार्पण किया जाएगा।