🔊
गंगोलीहाट में पैक्स सचिवों और कर्मचारियों की कलमबंद हड़ताल शुरू, कामकाज ठप।
गंगोलीहाट में पैक्स सचिवों और कर्मचारियों की कलमबंद हड़ताल शुरू, कामकाज ठप।
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। पैक्स सचिव, कर्मचारी संयुक्त संगठन उत्तराखंड एवं साधन समिति सचिव परिषद पिथौरागढ़ के आह्वान पर आज विकास खंड गंगोलीहाट के समस्त समिति सचिवों एवं कर्मचारियों द्वारा कार्य बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी गई है। कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से समितियों का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है।
पैक्स कर्मचारियों ने अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर हुंकार भरी है। उनकी प्रमुख मांगों में समान कार्य एवं व्यवसाय वाली नवगठित एम-पैक्स का पंजीकरण निरस्त करना, मिनी बैंकों के निक्षेप संरक्षण व समितियों द्वारा वितरित ऋण की सुरक्षा के लिए ठोस नीति बनाना, और समस्त पैक्स सचिवों व कर्मचारियों को सहकारिता ढांचे में सम्मिलित करना शामिल है। इसके अलावा, कर्मचारियों को राज्य स्वास्थ्य योजना से जोड़ने, पूर्व में प्रेषित मांग पत्रों पर तत्काल आवश्यक शासनादेश जारी करने तथा समिति कर्मचारियों की 100 प्रतिशत पदोन्नति कैडर सचिव पद पर और पैक्स कैडर सचिवों की पदोन्नति वरिष्ठ शाखा प्रबंधक एवं सहायक विकास अधिकारी पद पर करने की मांग की गई है।
इस अवसर पर सचिव ललित पंत, संजय पंत, प्रेम बिष्ट, चन्दन सिंह, शैलेंद्र सिंह, राजेश कुमार, रमेश सिंह तथा ओ०सि० सुमन खाती, मनोज जोशी, कुन्दन सिंह, गोकुल सिंह, नवीन सिंह, आशीष कुमार, विनय कुमार, गरिमा बोरा सहित समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: