🔊
बाल वीरता पुरस्कार के लिए 10 अक्टूबर तक करें ऑनलाइन आवेदन, साहस और वीरता का असाधारण परिचय देने वाले बच्चों को मिलेगा मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार
चंपावत। मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार वर्ष 2026-27 के लिए पात्र एवं इच्छुक बच्चों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2026 शाम पांच बजे निर्धारित की गई है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी पीसी बृजवाल ने बताया कि यह पुरस्कार उन बच्चों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने संकट या विषम परिस्थितियों में असाधारण साहस, वीरता और अनुकरणीय कार्य का परिचय दिया हो।
उन्होंने बताया कि पुरस्कार के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक आवेदक विभाग के आधिकारिक पोर्टल wecduk.in के माध्यम से 10 अक्टूबर की शाम पांच बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑफलाइन या डाक के माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन से संबंधित पात्रता, शर्तें, दिशा-निर्देश और अन्य जानकारी विभाग की वेबसाइट wecd.uk.gov.in पर उपलब्ध है।
ऑनलाइन आवेदन में तकनीकी समस्या या अन्य जानकारी के लिए निदेशालय के आईटी सेल के दूरभाष नंबर 8193991148 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा आवेदक जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय अथवा बाल विकास परियोजना कार्यालय, चंपावत से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।