🔊
लोहाघाट की डॉ. सुमन पांडे ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से की मुलाकात
नमामि गंगे कार्यक्रम में जल संरक्षण और पर्वतीय जल स्रोतों के पुनर्जीवन पर साझा किए अनुभव
नई दिल्ली। नमामि गंगे मिशन की पहल पर गुरुवार को नई दिल्ली में देशभर के जल योद्धाओं की केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से शिष्टाचार भेंट हुई। कार्यक्रम में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लोहाघाट की नमामि गंगे प्रभारी डॉ. सुमन पांडे ने भी प्रतिभाग किया।
इस दौरान डॉ. सुमन पांडे ने उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों, विशेषकर लोहाघाट में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में जल स्रोतों के संरक्षण की आवश्यकता और इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने जल संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में दिल्ली विश्वविद्यालय की रसायन विज्ञान की प्रोफेसर डॉ. ममता खर्कवाल, संयुक्त उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. संगीता गुप्ता और श्री किशन चंद पांडेय का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने जल संरक्षण के वैज्ञानिक और शैक्षणिक पहलुओं को लेकर मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया।
डॉ. सुमन पांडे ने इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का अवसर प्रदान करने के लिए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लोहाघाट की प्राचार्य डॉ. रेखा जोशी का आभार व्यक्त किया।