🔊
शासकीय एवं अर्धशासकीय भवनों में सुबह 8 बजे होगा ध्वजारोहण, गांधी चौक पर 9 बजे महात्मा गांधी की प्रतिमा पर होगा माल्यार्पण
चम्पावत में 2 अक्टूबर को होंगे गांधी जयंती और शास्त्री जयंती के विभिन्न कार्यक्रम
चम्पावत, 1 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को जनपद चम्पावत में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जयंती समारोह को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम के तहत 2 अक्टूबर की सुबह जनपद के सभी शासकीय एवं अर्धशासकीय भवनों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। राजकीय भवनों एवं शैक्षणिक संस्थानों में सुबह 8 बजे ध्वजारोहण के बाद विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों द्वारा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।
इस दौरान आयोजित गोष्ठियों एवं अन्य कार्यक्रमों में दोनों महान विभूतियों के जीवन, संघर्ष, देशसेवा और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला जाएगा। समाज के निर्बल एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अंत्योदय की अवधारणा, भावनात्मक एकता, राष्ट्रीय अखंडता, स्वतंत्रता संग्राम, नमक सत्याग्रह, सादा जीवन-उच्च विचार, नैतिकता, सर्वधर्म समभाव और आपसी भाईचारे जैसे जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में सुबह 9 बजे चम्पावत मुख्य बाजार स्थित गांधी चौक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।
इसके अलावा जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। अभियान के तहत विभिन्न महान विभूतियों की प्रतिमाओं एवं उनके आसपास के स्थानों की साफ-सफाई कर माल्यार्पण किया जाएगा।