🔊
वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर, उनका सम्मान व देखभाल हम सभी का प्राथमिक दायित्व: उपाध्यक्ष, अनुसूचित जाति आयोग
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन; वरिष्ठ जनों को किया गया सम्मानित, वितरित की गईं कान की मशीनें
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार कलेक्ट्रेट सभागार, चम्पावत में माननीय उपाध्यक्ष, उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्षता में एक विशेष कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय उपाध्यक्ष द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जनपद के दूर-दराज से आए वरिष्ठ नागरिकों का माल्यार्पण एवं पौधे भेंट कर भावभीना स्वागत व सम्मान किया गया तथा उनके दीर्घायु, सुखद एवं सम्मानजनक जीवन की मंगलकामना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय उपाध्यक्ष ने कहा कि वरिष्ठ जन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर एवं मार्गदर्शक हैं। उनके जीवन भर के अनुभवों, ज्ञान और स्थापित जीवन मूल्यों से ही नई पीढ़ी को सही दिशा एवं प्रेरणा प्राप्त होती है। उन्होंने बल देकर कहा कि परिवार एवं समाज का यह नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है कि वे वरिष्ठ नागरिकों को पूर्ण सम्मान, सुरक्षा, स्नेह तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं और उन्हें निरंतर समाज की मुख्यधारा से जोड़े रखें।
आयोजन के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन कर उपस्थित सभी वरिष्ठ जनों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परीक्षण के उपरांत आवश्यकतानुसार 5 वरिष्ठ जनों को नि:शुल्क कान की मशीन (श्रवण यंत्र) प्रदान की गईं।
इसी क्रम में समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों द्वारा शासन स्तर पर वृद्धजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं, विधिक अधिकारों एवं अन्य जनकल्याणकारी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने भी अपने जीवन के अनुभवों तथा विचारों को साझा किया, जिस पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उनके सुझावों पर सहानुभूतिपूर्वक अमल करने का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग के विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा जनपद के अनेक सम्मानित वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: