🔊
पल्सों विद्यालय के उच्चीकरण से क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की राह आसान।
पल्सों विद्यालय के उच्चीकरण पर स्वागत कार्यक्रम संपन्न
पल्सों। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पल्सों के उच्चीकरण की स्वीकृति मिलने पर विद्यालय परिसर में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के उच्चीकरण से क्षेत्रवासियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री कृष्णानंद जोशी, अतिथि मंडल अध्यक्ष श्री सुनील पुनेठा एवं ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्री प्रकाश बिनवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया गया। खंड शिक्षा प्रतिनिधि के रूप में राजकीय इंटर कॉलेज सिप्टी के प्रधानाचार्य श्री राधेश्याम खरकवाल भी मौजूद रहे।
वक्ताओं ने विद्यालय के उच्चीकरण को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और क्षेत्र में शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार होगा।
इस दौरान अभिभावकों ने विद्यालय की वर्तमान व्यवस्थाओं को देखते हुए विद्यालय के लिए उचित भवन निर्माण की मांग भी रखी। उन्होंने विद्यालय के उच्चीकरण के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन एवं संबंधित जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद किया। अभिभावकों ने उम्मीद जताई कि विद्यालय के लिए आवश्यक भवन और अन्य सुविधाएं भी जल्द उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्र के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी ने विद्यालय के उच्चीकरण को क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।