🔊
चम्पावत में 1 अक्टूबर से शुरू हुआ खनन सत्र 2026-27
चम्पावत। वर्षाकाल के दौरान लगाए गए खनन प्रतिबंध की अवधि समाप्त होने के बाद जनपद में खनन सत्र 2026-27 के लिए स्वीकृत खनन गतिविधियां 1 अक्टूबर 2026 से शुरू करने की अनुमति दे दी गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद में स्वीकृत सभी खनन संक्रियाओं को नियमानुसार प्रारंभ करने की अनुमति दी गई है। बाढ़ और अतिवृष्टि से संभावित जन-धन की क्षति को देखते हुए पूर्व में 30 जून से 30 सितंबर तक सभी खनन पट्टाधारकों और अनुज्ञाधारकों के खनन कार्य प्रतिबंधित थे।
वर्षाकाल समाप्त होने के बाद अब निर्धारित नियमों और स्वीकृत शर्तों के अनुसार खनन कार्य किए जा सकेंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को खनन गतिविधियों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि खनन कार्य शासन द्वारा निर्धारित नियमों, पर्यावरणीय मानकों और स्वीकृत शर्तों के अनुरूप ही संचालित किए जाएं। अवैध खनन, अवैध परिवहन अथवा नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।