🔊
चम्पावत जनता मिलन में पहुंचे 120 आवेदन, 11 लाभार्थियों के मौके पर बने आयुष्मान कार्ड
चम्पावत। जिला सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें रखीं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 120 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि 11 लाभार्थियों के मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
जनता मिलन में सोलर लाइट, फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़, प्रधानमंत्री आवास, सुरक्षा दीवार निर्माण, आर्थिक सहायता, राशन कार्ड, पशुपालन, सड़क और पेयजल से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं।
इस दौरान सिमल्टा फुंगर निवासी ललित मोहन पांडेय ने आपदा से क्षतिग्रस्त मकान की सुरक्षा दीवार बनाने, दूधपोखरा निवासी कैलाश गिरी ने आंगनबाड़ी केंद्र की चारदीवारी और शौचालय की मरम्मत, बगेड़ी निवासी प्रकाश राम ने राशन कार्ड तथा गोसनी निवासी हिमांशु परिध्यानी ने सोलर लाइट लगाने की मांग रखी।
वहीं, ग्राम प्रधान संगीता रावत ने इंटर कॉलेज के सीसी मार्ग पर रेलिंग लगाने और पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत का मामला उठाया। छतकोट निवासी मीना भट्ट ने फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ और प्रकाश भट्ट ने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न की जाए और प्रत्येक आवेदन पर प्राथमिकता से कार्रवाई हो। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की स्थिति से अवगत कराने और नियमित फॉलोअप करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता मिलन का उद्देश्य समस्याएं सुनने के साथ उनका प्रभावी समाधान कर लोगों को समय पर राहत उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।