🔊
गंगोलीहाट-पनार मोटर मार्ग पर जल निगम द्वारा किया गया अतिक्रमण हटा, जनहित में चला प्रशासन का डंडा।
गंगोलीहाट। उपजिलाधिकारी गंगोलीहाट अंकित राज के सख्त आदेशों के अनुपालन में मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गंगोलीहाट-पनार मोटर मार्ग पर जल निगम द्वारा किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। तहसीलदार गंगोलीहाट देवांश प्रताप के नेतृत्व में पहुंची प्रशासनिक टीम ने राजस्व ग्राम कू उप्रेती में बंदोबस्ती व सार्वजनिक रास्ते पर हुए अवैध कब्जे को जनहित में पूरी तरह से हटवा दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जल निगम गंगोलीहाट द्वारा राजस्व ग्राम कू उप्रेती में सार्वजनिक रास्ते और चहज-आंवलाघाट गंगोलीहाट पैदल मार्ग पर अतिक्रमण कर निर्माण किया गया था। इस संबंध में प्रशासन द्वारा संबंधित विभाग को पूर्व में नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, नोटिस मिलने के बावजूद जल निगम की ओर से इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।विभाग की इस अकर्मण्यता को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया और मौके पर जाकर अतिक्रमण को हटवाया। इस कार्रवाई के दौरान नगर पालिका परिषद गंगोलीहाट के अधिशासी अभियंता, राजस्व निरीक्षक चहज/गंगोलीहाट तथा राजस्व उपनिरीक्षक कू उप्रेती समेत राजस्व व पालिका की टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन की इस कार्रवाई से सार्वजनिक रास्ता अब आम जनता की आवाजाही के लिए पूरी तरह सुगम हो गया है।