🔊
हिमवीर और सीमांत गांवों के बच्चों की डिजिटल पढ़ाई को एसबीआई का सहयोग
36वीं वाहिनी आईटीबीपी में सीएसआर के तहत उपलब्ध कराए कंप्यूटर, प्रिंटर और फर्नीचर
लोहाघाट। हिमवीर परिवारों और वाइब्रेंट विलेज के बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए भारतीय स्टेट बैंक, लोहाघाट ने सहयोग दिया है। बैंक के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत 36वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल को कंप्यूटर, प्रिंटर, टेबल और कुर्सियां उपलब्ध कराई गईं।
इस पहल का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना और तकनीकी ज्ञान प्राप्त करने के अवसर बढ़ाना है। इन संसाधनों से कंप्यूटर शिक्षा को प्रोत्साहन मिलने के साथ बच्चों के शैक्षणिक विकास में सहायता मिलेगी।
36वीं वाहिनी के कमांडेंट संजय कुमार ने एसबीआई की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सहयोग बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, डिजिटल सशक्तीकरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के बच्चों को नई संभावनाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर उप सेनानी मुकेश कुमार एवं राज कुमार, सहायक सेनानी मन मोहन एवं प्रवीन तथा एसबीआई लोहाघाट के चीफ मैनेजर विष्णु कांत, ब्रांच मैनेजर प्रमोद चंद और राहुल बिष्ट उपस्थित रहे।