🔊
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जगत सिंह खाती ने राजकीय इंटर कॉलेज तामानौली में वॉलीबॉल टूर्नामेंट का किया शुभारंभ।
नीरज पंत।
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)।श्री 1008 अघोरी बाबा द्वारा स्थापित राजकीय इंटर कॉलेज, तामानौली में आयोजित वॉलीबॉल टूर्नामेंट का पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता जगत सिंह खाती ने रिबन काटकर विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जगत सिंह खाती ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि उन्होंने इसी विद्यालय से प्राइमरी से लेकर इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) तक की शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि अपनी जन्मभूमि और पूर्व विद्यालय में आकर उन्हें अपार सुकून और प्रसन्नता हुई है। साथ ही, उन्होंने क्षेत्र में शिक्षा की नींव रखने वाले अघोरी बाबा को नमन करते हुए कहा कि इस विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के अनेकों युवाओं को उच्च शिक्षा और सरकारी सेवाओं में जाने का अवसर मिला है।
कार्यक्रम के दौरान श्री खाती ने विद्यालय के पुराने भवन के जीर्णोद्धार को लेकर चल रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि विद्यालय भवन की मरम्मत और एस्टीमेट के संबंध में उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी, माध्यमिक शिक्षा निदेशक तथा देहरादून में प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर प्रस्ताव सौंपा है, जिस पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा मिला है।
टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।