🔊
चम्पावत में पुलिस और विभिन्न विभागों ने चलाया संयुक्त सड़क सुरक्षा अभियान
दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट जरूरी, यातायात नियमों के पालन की अपील
चम्पावत। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चम्पावत में पुलिस, परिवहन विभाग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संयुक्त सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया।
19 नवंबर को पुलिस अधीक्षक चम्पावत के दिशा-निर्देशन में क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चम्पावत दीवान सिंह बिष्ट के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया।
अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पीएलवी सदस्यों, परिवहन विभाग और चम्पावत पुलिस की टीम ने प्रतिभाग किया। इस दौरान वाहन चालकों एवं आमजन को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उनका पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की। साथ ही हेलमेट की स्ट्रिप सही तरीके से लॉक करने के महत्व को समझाया।
वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी गई।
हेलमेट चालान से बचने के लिए नहीं, जीवन बचाने के लिए पहनें
चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की कि यातायात नियमों को अपनी दैनिक आदतों में शामिल करें। पुलिस ने कहा कि सड़क पर बरती गई थोड़ी सी सावधानी न केवल स्वयं की, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित रख सकती है।
अभियान के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने और अपने परिवार के लिए सुरक्षित घर पहुंचने का संदेश दिया गया।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: