🔊
चम्पावत में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत जागरूकता की पहल, विद्यार्थियों ने पोस्टर और स्लोगन से दिया संदेश
हैप्पी वैली स्कूल और राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा ने दिलाई तंबाकू मुक्त समाज की शपथ
चम्पावत। युवाओं और विद्यार्थियों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से जागरूक करने के उद्देश्य से चम्पावत में तंबाकू जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। हैप्पी वैली स्कूल और राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित Tobacco Free Youth Campaign 4.0 कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख चम्पावत श्रीमती अंचला बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ बीडीसी सदस्य किरण खड़कवाल, रजनी नारियल और रेखा सेठी भी मौजूद रहीं।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को तंबाकू का सेवन नहीं करने और समाज को इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। सामाजिक कार्यकर्ता नेहा पंगते ने COTPA अधिनियम 2003 के प्रावधानों, सक्रिय एवं निष्क्रिय धूम्रपान तथा तंबाकू के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में बताया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है। 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचना और शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री करना प्रतिबंधित है।
तंबाकू की लत छोड़ने के इच्छुक लोगों को जिला चिकित्सालय चम्पावत के कमरा नंबर छह में उपलब्ध परामर्श एवं मार्गदर्शन सेवा की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के तहत पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में दिया बोहरा ने प्रथम, नंदिनी ने द्वितीय और प्रेमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को टिफिन, पानी की बोतल और बैग देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही तंबाकू मुक्त समाज के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
वहीं हैप्पी वैली स्कूल में आयोजित तंबाकू जागरूकता कार्यक्रम में पोस्टर प्रतियोगिता कराई गई। इसमें आयुष बोरा ने प्रथम, रेनू भट्ट ने द्वितीय और साक्षी बोहरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को तंबाकू से दूर रहने, परिवार एवं समाज को जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
सामाजिक कार्यकर्ता नेहा पंगते ने युवाओं से तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
संदेश: तंबाकू को कहें ना, स्वस्थ जीवन को चुनें हां।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: