🔊
हरेश्वर मंदिर तक पहुंचेगी विकास की नई राह, 9.87 करोड़ से सुधरेगी 7.8 किमी सड़क
मौनपोखरी से हरेश्वर मंदिर तक होगा सड़क का सुधारीकरण और डामरीकरण, श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को मिलेगी राहत
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में मौनपोखरी से प्रसिद्ध हरेश्वर मंदिर तक सड़क सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। करीब 7.800 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के लिए लगभग 9 करोड़ 87 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इस सड़क के सुधारीकरण से स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ हरेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में मुख्य सड़क से मंदिर तक पहुंचने वाले इस मार्ग के बेहतर होने से आवागमन अधिक सुगम होगा।
स्वीकृत कार्य के तहत सबसे पहले सड़क पर डिफेक्ट कटिंग की जाएगी। इसके बाद सोलिंग, इंटरमीडिएट कोट और टॉप कोट का कार्य करते हुए डामरीकरण किया जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल ने मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की वर्तमान स्थिति और प्रस्तावित कार्यों का जायजा लिया।
सड़क सुधारीकरण की इस योजना को क्षेत्र में यातायात सुविधा बेहतर बनाने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।