🔊
मा0 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में स्वरोजगार से संवर रही युवाओं की राह: चम्पावत के दीपक अतियाल बने आत्मनिर्भरता की मिसाल।
चम्पावत 09 अक्टूबर, 2026 सूवि।
मा0 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी और स्वरोजगारपरक योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ राज्य के हर वर्ग तक पहुँच रहा है। प्रदेश सरकार की नीतियों से प्रेरित होकर राज्य के युवा न केवल अपने सपनों को हकीकत में बदल रहे हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता की एक नई इबारत भी लिख रहे हैं।
इसी क्रम में जनपद चम्पावत के सीमांत क्षेत्र से एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है, जहाँ स्थानीय युवा दीपक अतियाल ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का लाभ उठाकर अपने पैरों पर खड़े होने में सफलता प्राप्त की है।
दीपक अतियाल ने मा0 मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 3 लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर जनपद मुख्यालय स्थित नागनाथ वार्ड के मल्ली बाजार में एक अनूठी और आधुनिक दुकान की शुरुआत की है।
इस दुकान में फिश एक्वेरियम, कैट व डॉग फूड सहित पालतू जानवरों के लिए आवश्यक विभिन्न सामग्रियां एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं। दीपक की लगन, कड़ी मेहनत और राज्य सरकार के इस योजनाबद्ध सहयोग ने न केवल उनके लिए आजीविका का एक मजबूत जरिया तैयार किया है, बल्कि स्थानीय निवासियों को भी अपने पालतू जानवरों की देखभाल के लिए एक सुलभ और बेहतर सेवा मंच प्रदान किया है। वर्तमान में दीपक ऋण का पूर्ण भुगतान कर चुके हैं।
आज दीपक अपनी इस पहल के माध्यम से प्रतिमाह लगभग 15 से 20 हजार रुपये की सम्मानजनक आय अर्जित कर रहे हैं। मा0 मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के इस सफल क्रियान्वयन ने दीपक को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए क्षेत्र के अन्य बेरोजगार युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बना दिया है। यह सफलता इस बात का जीवंत प्रमाण है कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच और जनकेंद्रित नीतियां उत्तराखंड के युवाओं को स्वावलंबी और सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित हो रही हैं।
दीपक अतियाल आज केवल एक सफल स्वरोजगारकर्ता नहीं, बल्कि इस विश्वास की मिसाल हैं कि सरकारी योजनाओं का सही उपयोग, मेहनत और आत्मविश्वास मिलकर आत्मनिर्भर भविष्य की मजबूत नींव रख सकते हैं।