🔊
लोहाघाट के मंदिरों का होगा कायाकल्प, 2.20 करोड़ रुपये मंजूर; 10 कार्यों को मिली स्वीकृति
लोहाघाट के मंदिरों का होगा कायाकल्प, 2.20 करोड़ रुपये मंजूर; 10 कार्यों को मिली स्वीकृति
‘आदर्श चम्पावत’ के तहत धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की पहल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा पर शासनादेश जारी
चम्पावत, 17 नवंबर। जिले की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘आदर्श चम्पावत’ की परिकल्पना के तहत लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के मंदिरों के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े 10 कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के लिए चालू वित्तीय वर्ष में कुल 2 करोड़ 20 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 285/2026 के क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से शासनादेश जारी किया गया है। इसके तहत पंचायतीराज विभाग से संबंधित मंदिरों के संवर्धन के कार्य किए जाएंगे।
शासनादेश के अनुसार जिलाधिकारी कार्यों की वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप धनराशि का आहरण कर कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराएंगे। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले विस्तृत आगणन और मानचित्र को सक्षम अधिकारी से तकनीकी स्वीकृति दिलाना अनिवार्य होगा।
कार्यों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरा करने के लिए नियमित समीक्षा की जाएगी। साथ ही प्रत्येक तीन माह में कार्यों की प्रगति रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी जाएगी।
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक कार्यस्थल पर स्थायी सूचना पट्ट भी लगाया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री घोषणा संख्या, स्वीकृत कार्य का नाम, लागत, कार्यदायी संस्था तथा कार्य शुरू होने और पूरा होने की तिथियों का उल्लेख रहेगा।
इस पहल से लोहाघाट क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को बेहतर स्वरूप मिलने के साथ ही जनपद की प्राचीन सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।