🔊
तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत फुलारागांव और मुड़ियानी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत फुलारागांव और मुड़ियानी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
एमबीएस विद्या मंदिर में पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित, ग्रामीणों को भी तंबाकू के दुष्प्रभावों की दी जानकारी
चम्पावत। जनपद में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत युवाओं और ग्रामीणों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के आदेशानुसार एमबीएस विद्या मंदिर, फुलारागांव में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही ग्राम पंचायत मुड़ियानी में सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को तंबाकू मुक्त समाज बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को तंबाकू एवं इससे बने उत्पादों के सेवन से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई। विशेष रूप से किशोर विद्यार्थियों को तंबाकू से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर तंबाकू के दुष्प्रभावों पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में दिव्या मेहता ने प्रथम, हंसिका मेहर ने द्वितीय और कपिल जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार स्वरूप टिफिन, पानी की बोतल और बैग प्रदान किए गए। वहीं, विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को खेलकूद के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए खेल किट भी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तंबाकू का सेवन नहीं करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
इसके बाद ग्राम पंचायत मुड़ियानी में आयोजित सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीणों को तंबाकू एवं तंबाकू से बने उत्पादों के सेवन से होने वाले नुकसान, कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों के बारे में जानकारी दी गई। ग्रामीणों से स्वयं तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
इस दौरान आशा कार्यकर्ता पुष्पा बिष्ट और रुक्मिणी जोशी भी मौजूद रहीं। उन्होंने ग्रामीणों को जागरूक करने में सहयोग किया।
सामाजिक कार्यकर्ता नेहा पांगती ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों, किशोरों और ग्रामीण समुदाय को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा विद्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: