🔊
चम्पावत पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त, डबल हेलमेट अभियान चलाकर किया जागरूक
चालक के साथ पीछे बैठने वाली सवारी के लिए भी हेलमेट अनिवार्य, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई
चम्पावत। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चम्पावत पुलिस ने जिलेभर में डबल हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में 22 नवंबर को सभी थाना और चौकी पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाली सवारियों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट की स्ट्रैप लॉक करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई भी की गई।
चम्पावत पुलिस ने स्पष्ट किया कि दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठी सवारी, दोनों के लिए हेलमेट पहनना जरूरी है। पुलिस ने लोगों से डबल हेलमेट को केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि अपनी और परिवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी समझने की अपील की।
हेलमेट पहनें, सुरक्षित चलें… जीवन अनमोल है