🔊
नगरूघाट मेले से पहले सड़क मार्ग और नागार्जुन बाबा मंदिर का सुधारा गया स्वरूप, जनप्रतिनिधियों ने दिया सहयोग
सल्टा से बसोटा और बगोरा (डूंगरालेटी) तक रास्ते की व्यवस्था सुधारने के साथ मंदिर में कराया गया रंग-रोगन और साफ-सफाई का कार्य
चम्पावत। भारत-नेपाल सीमा पर महाकाली नदी के तट पर स्थित बाबा नागार्जुन के दरबार में प्रतिवर्ष बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध नागरूघाट मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मेले से पहले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सल्टा से बसोटा और बसोटा से बगोरा (डूंगरालेटी) तक जीर्ण-शीर्ण रास्ते की व्यवस्था सुधारने के लिए सहयोग किया गया। इसके साथ ही बसोटा स्थित नागार्जुन बाबा मंदिर में रंग-रोगन, पेंटिंग और साफ-सफाई का कार्य भी कराया गया।
इस पहल में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य रायकोट-कुंवर डूंगर सिंह प्रथोली और ग्राम पंचायत बगोटी के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रेम सिंह (प्रेम दा) ने सहयोग प्रदान किया।
बताया गया कि क्षेत्र की समस्या को जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में लाए जाने पर उन्होंने तत्काल सहयोग के लिए तत्परता दिखाई। उनके सहयोग से मेले से पहले रास्ते और मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके और मेले के आयोजन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इस पहल के लिए मानव सेवा फाउंडेशन (NGO), नई दिल्ली के सचिव भुवन सिंह बिष्ट ने जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य डूंगर सिंह प्रथोली और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रेम सिंह का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों का सहयोग सराहनीय है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: