🔊
नायक गोठ में लगेंगी 22 सोलर स्ट्रीट लाइटें, डीएम मनीष कुमार ने किया कार्य का शुभारंभ
सीएसआर मद से होगा कार्य, सौर ऊर्जा से रोशन होंगे गांव के रास्ते, ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
चम्पावत, 21 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों और जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में आदर्श चम्पावत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में ग्राम पंचायत नायक गोठ में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू हो गया है। ग्राम पंचायत में कुल 22 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की मौजूदगी में हनुमानगढ़ी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-3 से इस कार्य का शुभारंभ किया गया। ग्राम पंचायत में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए यह कार्य सीएसआर मद से कराया जा रहा है।
उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) के परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार बजेठा ने बताया कि ग्राम पंचायत में 22 सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएंगी। ये लाइटें दिन में सौर ऊर्जा से चार्ज होंगी और शाम होने के बाद रोशनी देंगी। इससे ग्रामीणों को अंधेरा होने के बाद पैदल आवाजाही में सुविधा मिलेगी।
इस पहल से गांव में पारंपरिक बिजली व्यवस्था पर निर्भरता कम करने के साथ सौर ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। विशेष रूप से शाम के समय घर लौटने वाले ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा।
ग्राम प्रधान कंचन देवी और स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल पर प्रसन्नता जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, तहसीलदार पिंकी आर्या, अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।