🔊
देवीपुरा में महिला स्वयं सहायता समूह की फूड वैन का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, 10 लाख से शुरू हुआ स्वरोजगार
ग्रामोत्थान परियोजना के सहयोग से माँ वैष्णो देवी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने शुरू किया कारोबार, डीएम ने लाभार्थी से जानी आमदनी और अनुभव की जानकारी
चम्पावत, 21 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ के विजन के तहत ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल रंग ला रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने चम्पावत विकासखंड के देवीपुरा के पास संचालित फूड वैन का निरीक्षण किया। उन्होंने फूड वैन का संचालन कर रही लाभार्थी से बातचीत कर कारोबार की स्थिति, आय और स्वरोजगार से मिल रहे लाभ की जानकारी ली।
फूड वैन का संचालन माँ वैष्णो देवी स्वयं सहायता समूह द्वारा किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) के अंतर्गत उद्यम स्थापना गतिविधि के तहत समूह को यह कारोबार शुरू करने में सहयोग दिया गया।
10 लाख रुपये की लागत से शुरू हुआ कारोबार
फूड वैन की कुल लागत 10 लाख रुपये है। इसमें ग्रामोत्थान परियोजना की ओर से 6 लाख रुपये का सहयोग, स्वयं सहायता समूह का 1 लाख रुपये का अंशदान और 3 लाख रुपये का बैंक ऋण शामिल है।
इस फूड वैन के माध्यम से समूह की महिलाओं को अपना व्यवसाय संचालित करने और सीधे ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर मिला है। इससे ग्रामीण महिलाओं के लिए स्थानीय स्तर पर आय का साधन विकसित करने और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का रास्ता खुला है।
जिलाधिकारी ने फूड वैन के संचालन की जानकारी लेते हुए ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के ऐसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, तहसीलदार पिंकी आर्या, अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।