🔊
नशे को लेकर विवाद में भाई ने ली बहन की जान, बोरे में डालकर जंगल में फेंका शव
देहरादून, 23 सितम्बर।
देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका के भाई विशाल ने नशे को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी बहन विशाखा की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने किरायेदार राजा की मदद ली।
कैसे खुला राज़
पुलिस ने जांच के दौरान क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो दो लोग बाइक पर एक सफेद कट्टा ले जाते दिखे। पहचान होने पर पता चला कि वे मृतका का भाई विशाल और उसका किरायेदार राजा थे। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर राजा ने स्वीकार किया कि उसने विशाल के साथ मिलकर शव को टी-स्टेट के जंगलों में सांई मंदिर के पास एक गढ्ढे में फेंका था।
हत्या की वारदात
पुलिस के अनुसार, नशा करने को लेकर विवाद के बाद विशाल ने अपनी बहन विशाखा के हाथ-पाँव बाँध दिए और उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को बोरे (कट्टे) में भरकर चाय बागान की झाड़ियों में फेंक दिया गया।
शव मिलने से मचा था हड़कंप
सोमवार को बसंत विहार थाना क्षेत्र के चाय बागान में युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस की सतर्क जांच के बाद घटना का पर्दाफाश हुआ और शामिल आरोपी राजा को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी विशाल की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।