🔊
सीमांत चम्पावत को 10.47 करोड़ की सौगात, 58 विकास योजनाओं को मिली मंजूरी।
मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत 50 योजनाओं के लिए 9.53 करोड़ और पलायन रोकथाम योजना की 8 योजनाओं के लिए 94.26 लाख स्वीकृत।
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सीमांत क्षेत्रों के समग्र एवं संतुलित विकास के विजन को चम्पावत में लगातार मजबूती मिल रही है। मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम (MBADP) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद की सीमांत क्षेत्रों से जुड़ी 50 विकास योजनाओं के लिए 9.53 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना (MPRY) के अंतर्गत 8 योजनाओं के लिए 94.26 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस तरह जिले में कुल 58 योजनाओं के लिए 10.47 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत हुई है।
स्वीकृत योजनाओं के धरातल पर उतरने से सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को गति मिलेगी। योजनाओं में अवस्थापना सुविधाओं के विकास, युवाओं के कौशल प्रशिक्षण, स्थानीय रोजगार एवं स्वरोजगार तथा आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में स्वीकृत योजनाओं के प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने, योजनाओं की नियमित निगरानी करने और स्वीकृत धनराशि का पारदर्शी एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों से प्राप्त त्रिवर्षीय एवं वार्षिक कार्ययोजनाओं का राज्य स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी (SLSC) द्वारा परीक्षण एवं अनुमोदन किया जाता है। योजनाओं का चयन कन्वर्जेंस के आधार पर किया जाता है, ताकि विभिन्न विभागों और योजनाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सीमांत क्षेत्रों की प्राथमिक जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से सीमांत क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, अवस्थापना और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और लोगों को आजीविका के बेहतर साधन उपलब्ध हो सकेंगे। राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सीमांत क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देते हुए सड़क, पेयजल, अवस्थापना, कौशल विकास, आजीविका और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। चम्पावत में स्वीकृत 58 योजनाएं सीमांत क्षेत्रों में विकास की गति बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।
फोटो - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी