🔊
सरकार जनता के द्वार पहुँची नेपाल सीमा के डूंगरा बोरा, सीडीओ डॉ. जी.एस. खाती ने मौके पर निपटाईं 45 समस्याएं।
लोहाघाट। नेपाल सीमा से लगे सुदूरवर्ती डूंगरा बोरा गांव में गुरुवार को जिला प्रशासन ने सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को उनके गांव में ही सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती के नेतृत्व में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। शिविर का लाभ सीमा से लगे कायल गांव के ग्रामीणों ने भी उठाया।
एवीडीओ उमाकांत पंत के संचालन में आयोजित शिविर में सीडीओ डॉ. खाती ने 45 जनसमस्याओं का निस्तारण किया। शिविर एक अनाथ बालक कमल राम के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर आया। मां के उत्तर प्रदेश चले जाने के कारण आधार कार्ड संबंधी समस्या से जूझ रहे कमल राम के मामले में सीडीओ ने स्वयं रुचि लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिससे अब उसका राशन कार्ड बनने का रास्ता साफ हो गया।
सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपात्र लोगों के राशन कार्ड तत्काल निरस्त किए जाएं और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की छोटी दिखने वाली समस्याएं उनके जीवन में बहुत बड़ी होती हैं और ऐसे शिविरों का उद्देश्य इन्हीं समस्याओं का गांव स्तर पर समाधान करना है। शिविर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लघु सिंचाई, कृषि और खाद्य विभाग से जुड़े मामलों की सबसे अधिक शिकायतें सामने आईं। सीडीओ ने अधिकारियों को क्षेत्र का नियमित भ्रमण कर किसानों की सिंचाई व्यवस्था का आकलन करने तथा हर खेत तक पानी पहुंचाने के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिंचाई के बिना कृषि विकास संभव नहीं है। डॉ. खाती ने कहा कि सीमांत क्षेत्र मोटे अनाज के उत्पादन की अपार संभावनाएं रखता है। किसानों को सरकार की सभी योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीक और प्रोत्साहन का लाभ दिलाया जाए, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके। उन्होंने ग्रामीणों को डेयरी व्यवसाय अपनाने और उन्नत नस्ल की गायों के पालन के लिए भी प्रेरित करते हुए बताया कि सरकार रियायती दरों पर पशु उपलब्ध करा रही है। शिविर में ब्लॉक प्रमुख महेंद्र सिंह ढेक, जिला पंचायत सदस्य पुष्कर राम, बीडीसी सदस्य विनोद तथा ग्राम प्रधान गुड़िया सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया और ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
फोटो : नेपाल सीमा से लगे डूंगरा बोरा गांव में 'सरकार जनता के द्वार' कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनते एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती।