🔊
पुलिस की पाठशाला में छात्रों को साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा का पाठ
चम्पावत पुलिस की ओर से राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुलेठी में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशा उन्मूलन, गुड टच-बैड टच, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और यातायात नियमों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, मानस हेल्पलाइन 1933 और महिला हेल्पलाइन 1090 के बारे में भी बताया गया। विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचने के लिए अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने और OTP व बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह दी गई।
एसपी रेखा यादव ने STOPNCII.org.in के बारे में भी जानकारी देते हुए निजी तस्वीर या वीडियो के अनधिकृत ऑनलाइन प्रसार को रोकने में उपलब्ध सहायता के बारे में बताया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे, जिनका एसपी ने सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के साथ जवाब दिया। चम्पावत पुलिस ने कहा कि विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता और सुरक्षा की भावना बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।