🔊
विश्व स्तनपान सप्ताह: हिमवत्स ने माताओं को नवजात के पोषण और स्तनपान के प्रति किया जागरूक
चंपावत। विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त) के तहत हिमवत्स संस्था ने बुधवार को आंगनबाड़ी केंद्र चौडा राजपुरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में संस्था के सचिव डॉ. जी.बी. बिष्ट एवं पंकज बोहरा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की माताओं को स्तनपान के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम में बताया गया कि जन्म के एक घंटे के भीतर नवजात को मां का पहला पीला दूध (कोलोस्ट्रम) पिलाना तथा पहले छह माह तक केवल स्तनपान कराना शिशु के शारीरिक, मानसिक और प्रतिरक्षा विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
डॉ. जी.बी. बिष्ट ने कहा कि स्तनपान शिशु को कई गंभीर बीमारियों से बचाने के साथ-साथ माताओं के स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी है। वहीं पंकज बोहरा ने ग्रामीण महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर बच्चों के बेहतर पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की अपील की। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित महिलाओं को स्तनपान और पोषण संबंधी जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए।